जैतपुर के चौबेपुरा गांव में पावरग्रिड के ठेकेदार के हड़काने पर जान देने वाले विनोद बघेल की पत्नी गंगाश्री ने रविवार को भाजपा नेताओं के साथ थाने पहुुंचकर ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुआवजा और एफआईआर दर्ज करने की मांग के संबंध में सोमवार को डीएम से मुलाकात करने की बात कही है।
बता दें कि आगरा-ललितपुर के बीच बिछाई जा रही लाइन से आलू की फसल में नुकसान का मुआवजा मांगने पर चौबेपुरा गांव के कर्ज में डूबे किसान विनोद बघेल को ठेकेदार ने हड़का दिया था। इस पर विनोद बघेल ने बिजली के पोल पर लटक कर जान दे दी थी। प्रशासन की जांच में घटना के लिए पावरग्रिड को जिम्मेदार ठहराया गया। एसडीएम ने पांच लाख के मुआवजे की सिफारिश की है। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक राना के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल चौबेपुरा पहुुंचा और विनोद बघेल की पत्नी गंगाश्री के साथ जैतपुर थाने पहुुंचकर ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दिलावायी। एसओ ने एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। जिलाध्यक्ष अशोक राना ने कहा कि ठेकेदार के रवैये से किसानों में रोष है। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। वे ज्यादा से ज्यादा मुआवजा दिलाने और एफआईआर दर्ज कराने के लिए सोमवार को डीएम से मिलेंगे। इस मौके पर रामकुमार शर्मा, संतोष कटारा, सत्येन्द्र बरूआ, प्रयाग नरायन शर्मा, नितिन पचौरी, जितेन्द्र नरवरिया, राजेन्द्र प्रसाद दुबे, गोविंद कटारा, जयकिशन प्रधान, कंचन सिंह प्रधान आदि मौजूद रहे।
वहीं, भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष गिरीश विधौलिया के नेतृत्व में आयोजित बैठक में विनोद बघेल के परिवारीजनों के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि डीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। जल्द मुआवजा नहीं मिलने पर आंदोलन की बात कही है। इस दौरान रामनरेश परिहार, पप्पू पाराशर, रामौतार वर्मा, श्रीभगवान त्यागी, नरेंद्र गुर्जर आदि मौजूद रहे।