मथुरा के बरसाना में एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर महिला से गैंगरेप करने वाले आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे की तलाश जारी है। मामले में एसएसपी के आदेश के बाद बरसाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
बता दें कि उड़ीसा की रहने वाली 40 वर्षीय महिला राधाष्टमी पर मथुरा होकर बरसाना में दर्शन के लिए आई थी। उसके बाद वह यहीं रुक गई। रात को वह एक धार्मिक स्थल के परिसर में ही रुका करती थी। सुबह वहां आने वाले श्रद्धालु भीख में जो उसे दे देते हैं उससे ही दो वक्त की रोटी का गुजारा हो जाता है।
बीती 11 सितंबर को महिला धार्मिक स्थल के हॉल में सोई हुई थी। रात को करीब 10 बजे वहां का चौकीदार और रसोइया हॉल में घुस आए और सो रही महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद दोनों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। होश आने पर महिला ने दोनों को पहचान भी लिया।
इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। जब पुलिस ने शिकायत की तो पुलिस ने धर्मस्थल के हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले। फुटेज में घटना की पुष्टि हो रही है। शुक्रवार को पुलिस ने गैंगरेप के आरोपियों में से एक धर्मस्थल के चौकीदार कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया है। रसोइये की तलाश जारी है।