आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र की युवती से नाम बदलकर दूसरे समुदाय के युवक ने दोस्ती कर ली। युवती को जब हकीकत पता चली तो उसने रिश्ता तोड़ लिया इस पर युवक उसे धमकाने लगा। आरोप है कि धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने लगा।
रविवार सुबह युवक ने युवती को पकड़ लिया और बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा। युवती के चिल्लाने पर लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने मामला लव जेहाद का बताते हुए थाने पर हंगामा किया।
आगरा में शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही है। उसकी दोस्ती दूसरे समुदाय के युवक से हो गई। युवक ने अपना नाम बदलकर बताया। परिवारीजनों का आरोप है कि युवक प्यार का नाटक करने लगा। उसने धोखे से युवती से 30 हजार रुपये मंगा लिए। युवक के दूसरे समुदाय का होने की जानकारी होने पर युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया।
तेजाब डालने की धमकी
आरोप है कि युवक धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाने लगा। रविवार को युवती अपने भाई के साथ कोचिंग जा रही थी। गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास युवक ने रोक लिया। शादी नहीं करने पर तेजाब डालने और जान से मारने की धमकी दी। भाई ने विरोध किया तो मारपीट की। युवती को बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा। चीखपुकार सुनकर लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
लव जेहाद पर हंगामा
जानकारी पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी आ गए। उन्होंने लव जेहाद का आरोप लगाते हुए थाने पर हंगामा किया। युवती की मां ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री अविनाश राणा, प्रदेश मंत्री रविशंकर शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित चौधरी, मनोज चौहान, सतीश कुशवाहा, अरुण पंडित, पारस प्रवीण राणा, अनुराग आदि शामिल रहे। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। युवती के बयान लिए जाएंगे।