मैनपुरी में एक दुकान पर तंबाकू खरीदने गए युवक ने दुकानदार के पांच रुपये मांगने पर लोहे की सरिया से उस पर हमला कर दिया। युवक के दोस्तों ने भी दुकानदार को जमकर पीटा और गालियां भी दीं। बाद में लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी भाग गए। पीड़ित ने मामले में तहरीर दी है।
बता दें कि मैनपुरी के करहल रोड पर श्यामबिहारी लाल की परचूनी की दुकान है। शुक्रवार देर रात तकरीबन नौ बजे संतोष चौहान नाम का युवक उनकी दुकान पर आया।
श्यामबिहारी लाल के अनुसार संतोष ने उनसे पांच रुपये की कपूरी तंबाकू ली। इसके बाद श्यामबिहारी ने पांच रुपये मांगे तो वह भड़क गया और लोहे की सरिया से उन पर वार कर दिया।
संतोष को देखते ही उसके साथ आए दोस्तों ने भी दुकानदार की पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों ने श्यामबिहारी की दुकान में तोड़फोड़ भी की। यह देखकर आसपास के लोग बीच-बचाव किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
तब तक आरोपी भाग गए थे। पुलिस घायल दुकानदार को जिला अस्पताल लेकर गई। वहां उसका मेडिकल कराया। श्याम बिहारी ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।