मैनपुरी के कुसमरा में एक युवक के लुटेरा होने के शक में दबंगों ने उसे पहले पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में उसे चौकी पर ले गए जहां पुलिस ने भी उसकी पिटाई की। इसकी जानकारी विधायक किशनी को हुई।
वे पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए कुसमरा चौकी में धरना पर बैठ गए। एसपी द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर विधायक ने धरना खत्म कर युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बताया गया है कि कुसमरा निवासी जसवंत सिंह की पुत्री रानो भाईदूज पर घर आई थी। रविवार को वह ससुराल एटा जा रही थी। तभी बेवर क्षेत्र में किसी ने जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर जेवर और नकदी लूट कर ली थी।
सोमवार को नगला भूपति निवासी लंकेश नट व उसकी पत्नी को रानो के मायके वाले पूछताछ के लिए पकड़ कर ले गए। रास्ते में पुत्री को घर जाने दिया लेकिन लंकेश को साथ ले जाकर उसकी बेरहमी से मारपीट की गई। नामजद आरोपी पिटाई करने के बाद लंकेश को थाने ले गए।
वहां उसकी हालत को देखकर पुलिस ने थाने में रखने की बात कह कर भेज दिया। आरोप है कि इस दौरान कुसमरा चौकी पर पुलिसकर्मियों और आरोपियों ने उसकी पिटाई की। जब वह अधमरा हो गया तो उसे छोड़ दिया। जानकारी होने के बाद विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया रात को कुसमरा चौकी पहुंच गए। उच्चाधिकारियों से बात कर मामले में नामजद आरोपियों व पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर चौकी का घेराव
रात 10 बजे तक जब रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो विधायक ने चौकी का घेराव किया। इसके बाद वहां धरना पर बैठ गए। मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने कल्लन ठाकुर, पप्पन ठाकुर व अज्ञात लोगों के विरुद्ध एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई।
विधायक ने आरोप लगाया कि पिटाई करने वाला दबंग है। उसने चौकी पर लाकर निर्दयतापूर्वक पिटाई की। आरोपियों के साथ दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने की मांग रखी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष किशनी शशिकांत के आश्वासन के बाद भी विधायक नहीं माने। बाद में एसपी राजेश एस ने फोन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक ने धरना खत्म किया।