ताजगंज के कोलक्खा में दो बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एग्जीक्यूटिव सुंदर सिंह से 2.91 लाख रुपये और लैपटॉप लूट लिया। बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। सूचना पर थाना ताजगंज पुलिस पहुंच गई।
फाइनेंस कंपनी का आफिस राजपुर चुंगी में है। ककुआ, मलपुरा निवासी सुंदर सिंह शुक्रवार शाम तकरीबन 4:30 बजे कलेक्शन के बाद घर जा रहा था। कोलक्खा-देवरी रोड पर पुलिया के पास पीछे से आए बाइक सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। दो बदमाश उससे बैग लूटने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश और गया। तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। सुंदर उनसे भिड़ गया। एक बदमाश ने उसके सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और बैग लूटकर भाग निकले। सुंदर ने जानकारी फोन से पुलिस को दी। पुलिस ने चेकिंग कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। सुंदर के मुताबिक, सभी बदमाशों ने अपने चेहरे खोल रखे थे। घटना के वक्त कई ग्रामीण खेत में काम भी कर रहे थे। जब तक वे आते, बदमाश भाग गए। बैग में रुपयों के अलावा लैपटॉप और कागजात भी रखे थे।