खेरागढ़ में किराना व्यापारी प्रमोद अग्रवाल के घर में रविवार शाम घुसकर बदमाशों ने उनके मुनीम से दो लाख साठ हजार रुपये रखा थैला लूट लिया। दो बदमाश मुनीम का पीछा करते हुए घर तक पहुंचे थे। सीढ़ियां चढ़ते समय बदमाशाें ने पिस्टल तानकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी होने पर सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। वहीं, वारदात के बाद से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
रविवार की शाम लगभग साढे़ सात बजे रोज की तरह किराना व्यापारी प्रमोद कुमार अग्रवाल निवासी बाईपास रोड अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। दिन भर की रोकड़ का थैला मुनीम अनिल कुमार पुत्र सुरेश निवासी ऊंटगिर के हाथों से घर भिजवा दिया। मुनीम घर के अंदर सीढ़ियां चढ़ रहे थे। तभी पीछे से आये दो बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। सीने पर घूंसा मारकर पिस्टल तान दी। इसके बाद हाथ में लगे थैले को छीनकर भाग निकले। थैले में दो लाख साठ हजार रुपये कैश था। घटना के बाद मुनीम ने शोर मचाया तो लोगों ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। लूट की वारदात की खबर से कस्बे के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। वारदात को लेकर उनमें आक्रोश भी है। बता दें कि चार साल पूर्व भी व्यापारी के साथ इसी तरह की घटना घटित हुई थी। वारदात की जानकारी होने पर सीओ अनुराग सिंह मय पुलिस मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। सीओ ने बताया कि लूट की वारदात का खुलासा जल्द किया जाएगा। बदमाशाें की तलाश की जा रही है।
बाइकर्स गैंग ने किराना व्यापारी से लूटे 50 हजार
मलपुरा। आगरा-जयपुर हाइवे पर लेदर पार्क के समीप रविवार रात को बाइकर्स गैंग ने किराना व्यापारी से 50 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। व्यापारी के विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। किरावली निवासी राजकुमार पुत्र मोहन लाल का मिढ़ाकुर में केनरा बैंक के सामने किराना स्टोर है। वह रविवार रात 9:30 बजे दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहा था। आगरा-जयपुर हाइवे पर लेदर पार्क के समीप महुअर पुल के पास नीले रंग की अपाचे पर तीन बदमाश आए। उन्होंने राजकुमार को रोककर सिर में सिर की बट मार दी। इसके बाद मारपीट की। राजकुमार ने शोर मचाया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश 50 हजार रुपये, मोबाइल, कागजात और बाइक की चाबी निकालकर किरावली की तरफ भाग गए। राजकुमार ने एक राहगीर की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना अछनेरा पुलिस पहुुंच गई। बदमाशों का पता नहीं चल सका।