बरहन-एत्मादपुर मार्ग पर सोमवार सुबह शिकोहाबाद के पेट्रोल पंप व्यवसायी निरोत्तम सिंह से बाइक सवार बदमाशों ने 3.93 लाख रुपये लूट लिए। इसकी जानकारी पर एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने मौका मुआयना किया।
शिकोहाबाद निवासी निरोत्तम सिंह का थाना पचोखरा के हैमराजपुर में पेट्रोल पंप है। सोमवार सुबह 10:45 बजे वह कर्मचारी उदय सिंह के साथ कैश जमा करने स्कूटी से बरहन स्थित पंजाब नेशनल बैंक आ रहे थे। रुपये स्कूटर की डिग्गी में रखे थे। बरहन-एत्मादपुर मार्ग पर पीछे से आए डिस्कवर बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी में लात मारकर व्यवसायी और उनके कर्मचारी को गिरा दिया। दोनों से मारपीट की और तमंचे तान दिए। एक बदमाश ने स्कूटी को कब्जे में ले लिया। बदमाश बरहन थाने के सामने से होकर भाग निकले। व्यवसायी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने थाने से दो किलोमीटर दूर गांव मौसनाबाद के मोड़ से स्कूटी बरामद कर ली लेकिन डिग्गी में कैश नहीं था। व्यवसायी का कहना है कि बदमाश पेट्रोल पंप के पास से ही उनके पीछे लगे होंगे। उन्हें यह भी पता था कि कैश डिग्गी में रखा है। वहीं कैश लूटे जाने से व्यवसायी दहशत मेें आकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने पानी आदि डालकर उन्हें होश में लाया।
पेंट व्यापारी से लूटी बाइक और कैश
अछनेरा। रुनकता निवासी योगेश का पेंट का व्यापार है। रविवार रात 11 बजे वह अपने भाई धर्मवीर को अछनेरा जंक्शन से लेने जा रहे थे। किरावली-रुनकता मार्ग पर दो पल्सर पर आए चार बदमाशों ने उन्हेें रोक लिया। उन पर तमंचे की बट से प्रहार किए। बदमाशों ने करीब चार हजार रुपये और बाइक लूट ली। योगेश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देवरी रोड पर युवक पर तमंचा तान लूटी बाइक
आगरा (ब्यूरो)। शमसाबाद के गांव कहरई निवासी राजेश सोमवार दोपहर 12.30 बजे कौलक्खा स्थित एक क्लीनिक से पत्नी सोनी को दवा दिलाकर अपाचे बाइक से गांव लौट रहा था। राजेश ने बताया कि देवरी रोड पर पत्नी की तबियत खराब हो गई तो वे सड़क किनारे बाइक खड़ी करके पेड़ के नीचे बैठ गए। तभी लाल रंग की अपाचे पर तीन बदमाश आए। एक ने राजेश की बाइक को स्टार्ट कर लिया। जब राजेश ने विरोध किया तो दूसरे बदमाश ने उन पर तमंचा तान दिया। इसके बाद बाइक लूटकर ले गए। राजेश नेपाल में एक फैक्ट्री में काम करते हैं। हाल ही में आगरा आए थे।