पुलिस लाइन रोड पर सुंदरपाड़ा में साईं धाम मंदिर के ठीक सामने फायर ब्रिगेड के रिटायर्ड इंस्पेक्टर नारायण सिंह से बुधवार दोपहर एक बजे एक लाख रुपये लूट लिए गए। बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे उनके घर के गेट पर बैग लूटा। हैरानी यह रही कि पास में ही चीता मोबाइल के सिपाही मौजूद थे। नारायण सिंह के चिल्लाने पर सिपाहियों ने बदमाशों का पीछा नहीं किया। इसके बाद बदमाशों की बाइक कलेक्ट्रेट तिराहा पर फिसल गई। वहां ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी वाहन चेकिंग कर रहे थे। बदमाश आराम से उठे और चले गए।
2010 में सेवानिवृत्त हुए नारायण सिंह के नाती की 10 दिन बाद शादी है। इसी के लिए एसबीआई की छीपीटोला स्थित शाखा से एक लाख रुपये निकालकर लाए थे। बैग में कैश रखा था। रास्ते में आम खरीदे। ये भी बैग में रख लिए। उन्होंने बताया कि वह एक पैर घर के अंदर रख चुके थे, तभी पीछे से आए बदमाशों ने बैग छीन लिया।
इसके बाद कलेक्ट्रेट तिराहा की ओर भागने लगे। पास खड़े चीता मोबाइल के सिपाही देखते रहे। बकौल नारायण सिंह, उनके चिल्लाने पर सिपाही चार कदम चले और फिर लौट आए। उन्हें बाद में पता चला कि बदमाशों की बाइक थोड़ी ही दूरी पर कलेक्ट्रेट तिराहा पर फिसल गई थी। उन्हाेंने एफआईआर नाई की मंडी थाना में दर्ज कराई गई है। नारायण सिंह का एक बेटा कमल फीरोजाबाद में सब इंस्पेक्टर है।
कैमरे में कैद हुई वारदात
नारायण सिंह के घर के ठीक बराबर में विश्वविद्यालय के कर्मचारी नेता आनंद टाइटलर का आफिस है। इसके बाहर तीन कैमरे लगे हैं। सीओ कोतवाली मनीषा सिंह ने फुटेज देखकर बदमाशों का हुलिया नोट किया।
दो साल में चौथी लूट
पुलिस लाइन रोड पर आईजी का आवास है। कई पुलिस अफसर बैठते हैं। इसके बावजूद इस रोड पर अपराध हो रहे हैं। दो साल में यह चौथी लूट है। इससे पहले लेखपाल को डंडा मारकर कैश लूटा गया था।