गांव कलवारी में देर रात हथियार बंद चार बदमाशों का धावा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जगदीशपुरा के गांव कलवारी में बुधवार रात पीडब्ल्यूडी ठेकेदार गंगाप्रसाद के दफ्तर में हथियारबंद चार बदमाशों ने धावा बोला। तमंचे की बटों से प्रहार करके ठेकेदार को लहूलुहान कर दिया। उनके हाथ-पैर बांधकर तीन अंगूठी, दो चेन समेत पांच तोला सोने के जेवरात, एलसीडी और अलमारी में रखे 85 हजार रुपये लूटकर ले गए। तकरीबन 45 मिनट में बदमाशों ने पूरे दफ्तर को खंगाल डाला।
मूलरूप से बाह निवासी गंगा प्रसाद पीडब्ल्यूडी में सी श्रेणी के ठेकेदार हैं। उनके दो बेटे केदार नगर (शाहगंज) तो दो बेटे कलवारी में रहते हैं। गांव में घर से कुछ कदम की दूरी पर ही उनका दफ्तर है। वहां एक कमरा भी है। गंगाप्रसाद बुधवार रात यहीं पर सो रहे थे।
रात एक बजे दीवार फांदकर चार नकाबपोश बदमाश घुस आए और दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में आ गए। दो बदमाश तमंचे तो दो रिवाल्वर लिए थे। उन्होंने हथियारों की बटों से पीट-पीटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर स्वाफी से मुंह और हाथ-पैर बांध दिए।
उनके बेहोश होने पर लूट की और मेन गेट का कुंडा तोड़कर भाग गए। दो बजे होश में आने पर गंगाप्रसाद ने हाथ-पैर खोले और घर जाकर जानकारी दी। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। सीओ राजेंद्र यादव का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे रंजिश भी हो सकती है।
‘हमें तेरी 15 लाख की सुपारी मिली है’
बदमाशों ने ठेकेदार से कहा कि तेरी 15 लाख की सुपारी मिली है। तू बच नहीं पाएगा। अगर, अपनी सलामती चाहता है तो 15 लाख रुपये का इंतजाम करके दे। एक बदमाश हरियाणा की भाषा बोल रहा था, जबकि तीन स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे।
500 मीटर की दूर है पुलिस चौकी
कलवारी गांव में पुलिस की गश्त नहीं रहती है, जबकि 500 मीटर की दूरी पर ही अवधपुरी पुलिस चौकी है। इसके बावजूद गांव में गश्त नहीं की जाती है।