आगरा के कम्मू टोला में कपड़ा व्यवसायी और उनकी पत्नी की हत्या कर 50 लाख के जेवरात और नकदी की लूट में नौकर सोनू को कोर्ट ने दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस सनसनीखेज मामले से वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया था।
घटना तीन जनवरी 2015 की रात की है। फुव्वारा क्षेत्र के कम्मूटोला निवासी हरेश चंद्र अग्रवाल (70) की घर के पास ही दाऊदयाल वस्त्र भंडार के नाम से दुकान थी। वो पत्नी ललिता देवी के साथ अकेले रहते थे। बेटे दिनेश और मुकेश सूरत में रहते हैं। बेटियों की शादी कर दी थी।
चार जनवरी 2015 को दुकान का कर्मचारी संजीव घर आया। उसे दुकान की चाबी लेनी थी। दरवाजा न खुलने पर उसने हरेश चंद्र की बेटी रीना को सूचना दी। वो आई और सीढ़ी लगाकर भीतर उतरीं तो घटना की जानकारी हुईी। हरेश चंद्र के सिर में बांट मारकर हत्या की गई थी।