न्यू आगरा के दयालबाग क्षेत्र में एक महिला टीचर अपनी दो बेटियों को ताले में बंद करके घर से बाहर जाती है। वह ऐसा इसलिए करती है क्योंकि उसे खौफ है पड़ोस में रहने वाले मनचले का। उसने धमकी दे रखी है तेजाबी हमले की।
महिला ने मंगलवार को एसएसपी को बताया कि कक्षा नौ में पढ़ने वाली बेटी के पीछे मनचला पड़ा है। उस पर पहले दोस्ती के लिए दबाव बनाया। इंकार कर दिया तो तेजाब से हमले की धमकी दी।
दूसरी बेटी को भी यही धमकी दे चुका है। उस पर उसने बेटियों को हरियाणा स्थित ननिहाल में भेज दिया था। वहां से कुछ दिन पहले ही लौटी हैं। अब मनचला फिर से धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं। उसका एक दोस्त घर के बिल्कुल पास रहता है।
उसने अपनी छत पर कैमरा लगा दिया है। इसे उसके बाथरूम की ओर कर रखा है। वह बहुत परेशान है। पढ़ाने के लिए जाती है, तो बेटियों को ताले में बंद करके जाती है। महिला ने बताया कि उसका पति एक संस्थान में कर्मचारी है। उसे डर रहता है कि मनचला कुछ कर न दे। एसएसपी ने इस मामले में न्यू आगरा थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं।