मोहनपुर गांव में कच्ची शराब का धंधा करने वालों ने एक किसान की निर्मम हत्या कर दी। शराब माफिया ने पहले किसान को पीटा, फिर उसके ऊपर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया।
विज्ञापन
इससे किसान ने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने शव नहीं उठने दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया।
मामले में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। किसान खेत पर घास लेने के लिए गया था। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी गनेश कश्यप (55) बुधवार की सुबह नाती के साथ ईशन नदी के पास पशुओं के लिए घास लेने गया था।
विज्ञापन
मृतक किसान
- फोटो : अमर उजाला
कुछ ही दूरी पर दोनों घास काटने लगे। घास काटते-काटते गनेश ईशन नदी के किनारे चला गया। वहां शराब की भट्ठियां चला रहे लोगों से गनेश का किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने भट्ठी से जलती हुई लकड़ी निकालकर किसान को पीटा। इससे भी जी नहीं भरा तो उस पर खौलता हुआ पानी डालकर झुलसा दिया।
इस बीच गनेश के साथ गया उसका नाती के शोर मचाने पर शराब माफिया बाइकों से भाग निकले। गनेश की हत्या की जानकारी होने के बाद गांव के महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग बच्चे सभी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
बाद में एएसपी ओमप्रकाश सिंह भी पुलिसबल के साथ पहुंच गए। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
किसान की हत्या के मामले में सात आरोपियों को नामित किया गया है। परिजनों के मुताबिक गांव भोजपुर निवासी पप्पू, गांव गोशलपुर निवासी झक्की, गांव इटौरा निवासी लल्लन, गांव पुसैना निवासी नीरज और सुदामा व एक अन्य सहित सात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।
एसपी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।