गांव विधौली के खेतों में काम कर रहे किसान विजय सिंह की नीलगाय को मारने के लिए चलाई गई गोली लगने से मौत हो गई। शिकारी ऊंटों पर सवार होकर नीलगाय का पीछा कर रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिकारियों के साथ चल रही चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। साथ ही मृतक के भाई की तहरीर पर सात-आठ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना खेरागढ़ के गांव विधौली में रविवार को दिन में लगभग ग्यारह बजे किसान विजय सिंह (45) अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी बंदूक से चली गोली उनके सीने में जा घुसी। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गये। आननफानन में विजय सिंह को पहले सीएचसी ले जाया गया। लेकिन वहां से उन्हें एसएन मेडिकल कालेज आगरा के लिये रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई साहब सिंह ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सात-आठ लोग महिलाओं के साथ ऊंटों पर सवार होकर नीलगाय का पीछा करते हुए गांव की ओर आये थे। उनके द्वारा चलाई गई गोली से विजय सिंह की मौत हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। एसओ अर्जुन लाल वर्मा ने बताया है कि घटना के संबंध में सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।