अलीगढ़ से आगरा पेशी पर जा रहे एक बदमाश ने सोमवार को कस्बे में किराना व्यवसायी से 10 लाख की रंगदारी मांगी। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद से व्यवसायी का परिवार दहशत में है। पीड़ित ने थाना खंदौली में तहरीर दी देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना खंदौली के ग्राम घड़ी राठौर निवासी गुड्डू राठौर काफी समय से सादाबाद पेट्रोल लूट कांड के आरोप में अलीगढ़ की जेल में सजा काट रहा है। सोमवार को वह अलीगढ़ से आगरा एक निजी सफेद रंग की सफारी कार से पेशी पर जा रहा था। उसके हाथों में हथकड़ी लगी थीं और साथ चार सिपाही भी थे। रास्ते में कस्बा स्थित किराना व्यवसायी दिनेश चंद्र गुप्ता की दुकान के आगे कर रुकी और दुकान पर काम कर रहे नौकर को बुलाया। उसके आने पर गुड्डू ने एक पत्र दे दिया। इसके बाद कार आगरा की ओर चल दी। जब दिनेश चंद्र गुप्ता ने पत्र को पढ़ा तो होश उड़ गए। पत्र में लिखा था कि मैं गुड्डू ठाकुर निवासी घड़ी राठौर का हूं। कल बिना मुझसे पूछे दुकान मत खोलना। पुलिस तुम्हारी 24 घंटे सुरक्षा नहीं करेगी और कोई सिफारिश भी काम नहीं आएगी। तुम यह मत सोचना की मैं जेल में हूं। मैं जेल में रहकर भी सब कुछ करवा सकता हूं। पत्र पढ़ने के बाद से व्यवसायी और उनका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने थाना खंदौली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
-------
रंगदारी नहीं देने पर मार दी थी गोली
खंदौली। किराना व्यवसायी दिनेश चंद्र गुप्ता के रंगदारी मांगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भूरा डोन नाम के एक बदमाश ने दिनेश गुप्ता को धमकी भरा पत्र दिया था। तब भी दस लाख की रंगदारी मांगी गई थी। बाद में 20 मई को बाइक सवार तीन बदमाशों ने थाने वाली गली के सामने आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर दिनेश गुप्ता के पुत्र शंकू उर्फ पवन को गोली मारकर घायल कर दिया था। तब हंगामे के बाद पुलिस ने तीन लोगों को जेल भेजा था।