होटल जेपी पैलेस में एक शादी समारोह में दयालबाग निवासी अनिल कुमार चड्डा की पुत्रवधु का पर्स चोरी कर लिया गया। इसमें सोने और हीरे के लाखों के जेवरात और नए नोट के 60 हजार रुपये थे। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर की तलाश की जा रही है। अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
अनिल चड्डा परिवार सहित साढ़ू के बेटे की शादी में शरीक होने गए थे। होटल जेपी पैलेस के हॉल में कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच उनकी पुत्रवधु के पर्स चोरी कर लिया गया। उसमें 60 हजार कैश, हीरे के टॉप्स, सोने की चार चूड़ियां, सोने की चेन और गले का एक सेट, आईफोन सहित दो मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, पेन कार्ड थे।
अनिल चड्डा का कहना है कि उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सिक्योरिटी गार्ड और सपोर्टिंग स्टाफ को दी, लेकिन उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग नहीं दिखाई। चड्डा का कहना है कि अगर तुरंत फुटेज दिखाई गई होती तो शायद चोर वहीं पर पकड़ा जाता। उन्होंने ताजगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें, शहर के होटलों में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसमें बच्चे भी हैं। यह गिरोह पहले भी कई वारदात कर चुका है। फाइव स्टार होटलों में भी शादी समारोह में चोरी हो रही हैं।