रिंग रोड में गंगेश्वर कैंपस में कारोबारी विनय गर्ग की मां मुन्नी देवी गर्ग की हत्या कर घर में लूटपाट की वारदात उनकी नौकरानी की नाबालिग पोती ने करवाई थी। पुलिस ने घटना में शामिल दो बदमाश सहित नौकरानी की पोती को गिरफ्तार कर लिया है। लूटे गए सामान में से 21 हजार रुपये, विदेशी करेंसी के पांच नोट, आठ चांदी के सिक्के, कैमरा, बैटरी, और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने विजय नगर स्थित बंगलिया बस्ती निवासी रोहित और उसके भाई हरीपर्वत थाने का हिस्ट्रीशीटर राहुल को गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में हत्या और लूट की बात को करना कबूला। उन्होंने बताया कि लोहामंडी के बाग अंता निवासी बदमाश नरेंद्र उर्फ नंदू की दोस्ती मुन्नी देवी की नौकरानी की पोती से थी। वह गंगेश्वर कैंपस में ही काम करती थी। नरेंद्र ने उससे लूट के लिए किसी का घर बताने को कहा था। किशोरी को पता था कि मुन्नी देवी दोपहर में अकेली रहती हैं। छह मई की दोपहर तकरीबन 2:45 बजे नरेंद्र, रोहित और राहुल बाइक से आए। किशोरी ने मुन्नी देवी से गेट खुलवाया। राहुल और नरेंद्र अंदर चले गए। नरेंद्र मुन्नी पर कपड़ा डालकर अंदर खींचकर ले गया। उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। राहुल ने पूरा घर खंगाला। रोहित बाहर खड़ा रहा। 3:30 बजे तीनों लूट के बाद भाग निकले। नरेंद्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। नरेंद्र ने 2013 में घटिया में लूट की वारदात की थी। वह कई और वारदात भी कर चुका है। राहुल पर भी छह से ज्यादा मुकदमे में है। वहीं नौकरानी की पोती नाबालिग है, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस मेडिकल टेस्ट भी कराएगी।
बस्ती की महिला को तमंचे से घायल किया तो पकड़ा
रोहित का बस्ती की महिला से गुरुवार को विवाद हो गया था। रोहित ने तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की। शक के आधार पर लूटकांड के बारे मेें भी पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया।