हरे रंग के कपड़े में लिपटी मिली मासूम
- फोटो : Amar Ujala
शुक्रवार को महज चार दिन की नवजात बच्ची को कोई बस स्टैंड में कचरे के ढेर के पास छोड़ गया। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने हरे रंग के कपड़े में लिपटी हुई बच्ची को जब देखा तो लोगों को इकट्ठा किया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ धारा 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह बच्ची के मिलने के बाद पुलिस ने पूरे बस स्टैंड में मौजूद यात्रियों से उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन बच्ची के माता पिता का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए एसएमजीएस अस्पताल में भेज दिया।
इसके साथ ही बच्ची को लावारिस हालत में छोड़कर जाने वाले माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की चाहत न रखने वाले अभिभावकों ने ऐसा गलत किया है।
बच्ची की हालत स्थिर
एसएमजीएस अस्पताल के अधीक्षक डा. दारा सिंह ने बताया कि बच्ची का निको यूनिट में इलाज चल रहा है। अब उसकी हालत पहले से बेहतर है। उसका वजन 1.9 किलोग्राम है।