गुरु का ताल ओवरब्रिज (आरओबी) पर गुरुवार शाम तकरीबन चार बजे पल्सर और अपाचे सवार तीन बदमाशों ने जूता फैक्ट्री के ठेकेदार नसीम अहमद से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद आवास विकास कालोनी की ओर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग कराई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
आजम पाड़ा (शाहगंज) निवासी नसीम अहमद कैलाशपुरी स्थित शू फैक्ट्री में ठेकेदार हैं। नसीम ने बताया कि उन्होंने मकान बनवाने के लिए छह महीने पहले आवास विकास कालोनी के एजेंट दीपक गोयल की मदद से गुरुद्वारा गुरु का ताल परिसर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा से 15 लाख रुपये का लोन कराया। लोन की रकम तीन किस्तों में मिलनी थी। गुरुवार को वह आखिरी किस्त के तीन लाख रुपये लेने बैंक गए थे। शाम लगभग पौने चार बजे नसीम ने बैंक से रुपये लिए। उन्होंने बैंक के बाहर आकर एजेंट दीपक को डेढ़ लाख रुपये दिए और बचे डेढ़ लाख रुपये थैले में रख लिए। इसके बाद बाइक से घर के लिए रवाना हुए।
नसीम गुरु का ताल आरओबी के ऊपर पहुंचे तभी पीछे से काली पल्सर और लाल रंग अपाचे बाइक पर सवार आए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। दो ने हेलमेट पहन रखा था और तीसरे ने मुंह पर कपड़ा बंाधा हुआ था। तीसरे ने ठेकेदार से रुपयों से भरा थैला छीन लिया और भाग निकले।
नसीम ने सेक्टर 12 तक उनका पीछा भी किया, लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके। उन्होंने सौ नंबर पर घटना की जानकारी दी। एसपी सिटी सुशील घुले, एएसपी हरीपर्वत अनुराग वत्स सहित सिकंदरा और हरीपर्वत थाने की फोर्स वहां पहुंच गई। थाना हरीपर्वत में ठेकेदार ने तहरीर दी है।
चार बार में लगा ‘डायल 100’
नसीम ने बताया कि वह बदमाशों का पीछा करने के दौरान बाइक चलाते समय ही पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर भी मिलाया, लेकिन चार बार में फोन लगा। इसके तकरीबन 10 मिनट बाद सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास चेकिंग की।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग नहीं
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में बैंक के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। बैंक में रुपये निकालने के दौरान कर्मचारियों के अलावा तीन लोग मौजूद थे। इनमें एक महिला भी थी, लेकिन उनके बदमाश होने की पुष्टि नहीं हो सकी।
गुरुद्वारा से पीछे लगे बदमाश
पुलिस को आशंका है कि ठेकेदार के रुपये निकालने की जानकारी बदमाशों को पहले से थी। बदमाश गुरुद्वारा से पीछे लगे होंगे। पुल पर ऊपर आने के बाद उन्होंने आसानी से वारदात को अंजाम दिया। सभी बदमाश शर्ट और जींस पहने हुए थे।
ठेकेदार ने पहली बार तीन लाख रुपये लूट की सूचना दी थी। पुलिस पूछताछ में डेढ़ लाख रुपये लूट की जानकारी दी। उसने बाकी डेढ़ लाख रुपये अपने एजेंट को देने की बात कही थी। अब एजेंट से पूछताछ की जाएगी।
सुशील घुले, एसपी सिटी
कमला नगर मेें पुलिस बैरियर के पास महिला से पर्स लूट
कमला नगर में गुरुवार रात सवा नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस बैरियर के पास सपना सिंघल से पर्स लूट लिया। पर्स मेें सोने की नथ, पांच हजार रुपये, एटीएम कार्ड था। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
इंद्रा एन्क्लेव, बल्केश्वर निवासी सपना सिंघल एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं। रात तकरीबन नौ बजे अपने भतीजे बिहान और भतीजी कृष्णवी के साथ कमला नगर आईं थी। सवा नौ बजे पैदल ही घर की तरफ जा रही थीं। तेज नगर में बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सपना के हाथ में लगा पर्स लूट लिया। सपना ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश हाईवे की ओर भाग गए। जिस स्थान पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया वहां पर पुलिस बैरियर लगा हुआ था। लोगों ने बताया कि बैरियर पर पुलिस होती तो बदमाशों को पकड़ जा सकता था।