नाथूराम (फाइल फोटो), हत्यारोपी समर (दाएं)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में फतेहाबाद के गांव नदौता निवासी नाथूराम की हत्या उनके भरोसेमंद साथियों ने ही कराई। पुलिस जांच में जो बात सामने आई है उससे यह साफ हो रहा है कि नाथूराम की हत्या कराने वाले उनके कितने करीब थे।
बताया गया है कि डौकी के रहने वाले नाथूराम वर्मा सोमवार रात को जब अपनी आई-10 कार से सुधीर और समर के साथ नहरा नाहरगंज आए थे तो उससे पहले ये लोग डौकी के पास ही कवीश चौराहे पर रूके। यहां इन लोगों ने साथ-साथ आईसक्रीम भी खाई। यह वाकया नाथूराम की हत्या से करीब 20 मिनट पहले का रहा होगा।
कवीश चौराहे से निकलने के बाद आई-10 कार में ही सुधीर और समर का नाथूराम के साथ विवाद हुआ। उनमें कहासुनी होने लगी। इसी दौरान नाथूराम को एक के बाद एक तीन गोलियां मारी गई। उनकी मौके पर मौत हो गई।
गोलियों की आवाज सुन आस पास के सैंकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने मौके से भागते समर और सुधीर को घेर लिया। तभी यूपी-100 की पीआरवी नंबर 59 पहुंच गई। दोनों भाई उसमें घुस गए। गांव वालों ने सुधीर को खींचकर मार डाला।
समर को भी जीप से खींचने की कोशिश की। पुलिस ने रोका, तो लाठी डंडों से कई पुलिसकर्मियों के सिर फोड़ दिए। पुलिसकर्मी समर को लेकर भागे, तो पीआरवी में आग लगा दी।