दैवी आपदा की मार झेल रहे अन्नदाता को अब भ्रष्ट सरकारी तंत्र का शिकार होना पड़ रहा है। आपदा राहत चेक बांटने गांव में जा रहे तहसीलकर्मी प्रति चेक 50 रुपये सुविधा शुल्क वसूल रहे हैं। एत्मादपुर तहसील के एक गांव में किसी ग्रामीण ने सरकारी कर्मचारी की अवैध वसूली का वीडियो शूट किया है और वायरल कर दिया है। जिसमें वह कर्मचारी खुलेआम कहता नजर आ रहा है कि वह 50 रुपये आपके घर आकर चेक देने के लिए ले रहा है।
गौरतलब है कि प्रशासन को जिले के किसानों को पिछले वर्ष की सूखा राहत और इस वर्ष हुई ओलावृष्टि, अतिवृष्टि से पीड़ित किसानों को मुआवजा राशि के चेक बांट रहा है। कई महीनों से मुआवजा राशि का इंतजार कर रहे किसानों को अब अपने हक पाने के लिए तहसील के कर्मचारियों को चढ़ावा चढ़ाना पड़ रहा है। जो वीडियो वायरल हुआ वह एत्मादपुर तहसील के अजनेरा गांव का है।
यहां एक तहसील का एक कर्मचारी गांव में सूखा राहत का चेक बांटने गया है। चेक हैंडओवर करने के साथ ही वह प्रति चेक 50 रुपये वसूल रहा है। एक ग्रामीण ने उससे पूछा कि 50 रुपये किस लिए ले रहे हैं तो कर्मचारी बुलंद आवाज में कह रहा है कि तुम्हारे पर घर लाकर चेक देने, तुम्हारे साइन कराने के बाद रिकार्ड तहसील तक पहुंचाने के मेहनताने के रूप में 50 रुपये में लिए जा रहे हैं।