बेवर पुलिस की गिरफ्त में शिवानी की हत्या के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के गांव घुटारा निवासी शिवानी की हत्या उसकी मां और चाचा ने ही की थी। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी ने प्रेसवार्ता कर ऑनर किलिंग की वारदात का खुलासा किया। बताया कि गांव के एक युवक से किशोरी के प्रेम संबंध थे। इसी के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
सीओ अमर बहादुर ने बताया कि शिवानी की हत्या सम्मान की खातिर की गई। किशोरी के प्रेम संबंध गांव के ही एक युवक से थे। गांव में हो रही बदनामी से आरोपी क्षुब्ध थे। इसी के चलते मां रेनू ने देवर अवनीश के साथ मिलकर शिवानी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें- मथुरा के गेस्ट हाउस में हरियाणा की विवाहिता से दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार
हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को कमरे में पंखे के कुंड़े से लटका दिया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हकीकत का खुलासा कर दिया। पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म का इकबाल कर लिया है। उन्हें जेल भेजा गया है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही भी मौजूद रहे।