थाना पिढ़ौरा के गांव गोपालपुरा स्थित जेएन पब्लिक स्कूल में होमवर्क पूरा न करने पर शुक्रवार को कक्षा छह के एक दलित छात्र की इतनी पिटाई की गई कि उसका दाहिना हाथ ही टूट गया। छात्र के पिता ने पिढ़ौरा थाने में स्कूल प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, प्रबंधक ने घटना की जानकारी होने से ही इनकार किया है।
बाह के किन्दरपुरा गांव निवासी डा. रामशंकर का पुत्र आनंद कुमार (12) गोपालपुुुरा स्थित जेएन पब्लिक स्कूल में छठवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है। पिढ़ौरा थाने में दी तहरीर में डा. रामशंकर ने कहा है कि होमवर्क पूरा न करने पर शुक्रवार को स्कूल के प्रबंधक संजीव कुमार त्यागी ने आनंद को स्टूल की फंटी से बुरी तरह पीटा। इससे उसका का दाहिना हाथ टूट गया। घर आकर जब आनंद ने घटना की जानकारी दी तो परिवारीजनों ने स्कूल में जाकर शिकायत की लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। समझौते के नाम पर टहलाते रहे। इसके बाद आनंद का इलाज कराकर शनिवार को पिढ़ौरा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। रविवार को पुलिस मौके पर पहुुंची तो स्कूल बंद मिला। वहीं, इस संबंध में स्कूल प्रबंधक संजीव कुमार त्यागी का कहना है कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। पूछताछ में किसी शिक्षक के पिटाई करने की बात मालूम हुई है।