फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में शोहदे की हरकतों से परेशान एक युवती ने थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि दोस्ती न करने पर युवक उसे तेजाब से जलाने की धमकी दे रहा है। इससे युवती का परिवार दहशत में है। युवती का घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती ने थाने में तहरीर दी है। उसने अपने पड़ोसी युवक पर छेड़छाड़, अश्लील फब्तियां कसने और उसकी फोटो खींच कर फेसबुक आईडी पर लगाने का आरोप लगाया है। युवती को ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है।
जब पीड़िता के परिजनों ने युवक को समझाने का प्रयास किया तो उसने युवती को तेजाब से जलाने की धमकी दी है। युवक की हरकतों से युवती और उसका परिवार दहशत में है। धमकी के कारण युवती ने घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया है।
पीड़ित का कहना है कि उसने 30 मई को महिला थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शनिवार को युवती परिजनों के साथ शिकोहाबाद थाना पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने पीड़ित युवती के बयान भी दर्ज किए हैं। प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।