कर्नाटक के राजू और गौरी ने ताजमहल देखने के बाद होटल ताज पैलेस मेें जहर खाकर जान दे दी थी। गौरी की मां ने आगरा आने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि बेटी ने घर से भागकर उन्हें शर्मसार किया है। वह उसका चेहरा नहीं देखना चाहती हैं। वह शव लेने नहीं आएंगी। पुलिस ने उन्हें मनाने की काफी कोशिश की लेकिन वे नहीं मानी।
बता दें, गदग, कोन्नुर (कर्नाटक) निवासी राजानंद एच एम्रुंताकोर उर्फ राजू (26) पुत्र हनामंत और युवती गौरी आर यदाहल्ली (15) पुत्री रवि निवासी गदग रविवार को आगरा आए थे और होटल ताज पैलेस में ठहरे थे। दोनों ने कमरे में सुसाइड कर लिया था। सोमवार को उनके शव बरामद हुए थे। पुलिस ने उनके घरवालों से बात की। इंस्पेक्टर रकाबगंज ने बताया कि गौरी का एक भाई है। फोन पर उसकी मां से बात की गई। परिवार काफी गरीब है। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह शव को वहां तक ले जाने में हरसंभव मदद करेगी लेकिन वह नहीं मानी। इंस्पेक्टर ने बताया कि अगर, वह आगरा नहीं आती हैं तो वहां की पुलिस से संपर्क कर इसके लिए मनाया जाएगा। वहीं राजू के घरवालों ने मंगलवार को कोन्नुर से आगरा के लिए ट्रेन में बैठने की बात कही। उनके गुरुवार तक आने की उम्मीद है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीन भाइयों और एक बहन में राजू सबसे बड़ा था। परिवार का एकमात्र सहारा था।