दुबई में नौकरी का सपना दिखाकर 40 युवकों से 80-80 हजार रुपये ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। इस ठगी के लिए हरीपर्वत के संजय प्लेस में केएस टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी नाम से एजेंसी खोली गई थी। सभी युवकों से मार्कशीट और पासपोर्ट जमा करा लिए गए। इसके बाद पैसे लेकर कंपनी अपना किराए का दफ्तर खाली कर रातो रात भाग गई। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ितों ने हरीपर्वत थाना पर तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
ठगी का शिकार हुए आगरा के अमित, दिनेश, धीरज, कमल सिंह, प्रदीप, ब्रिजेश, मथुरा के राजीव, हरीश, जय ने बताया कि दो महीने पहले कंपनी ने दफ्तर खोला था। बताया था कि दुबई में कई कंपनियों में अलग-अलग काम के लिए युवकों की आवश्यकता है। इसके लिए कंपनी ने साक्षात्कार लिया। करीब 40 युवक पहुंचे थे।
उनसे 10वीं और 12वीं की मार्कशीट तथा पासपोर्ट लेकर रख लिए। सिक्योरिटी मनी के रूप में 80-80 हजार रुपये लिए। पिछले आठ दिन से कंपनी का दफ्तर बंद है। कंपनी संचालकों के मोबाइल फोन स्विच्ड आफ है। जानकारी पर पता चला कि दफ्तर किराए पर था।
इसके मालिक ने कह दिया कि उसे नहीं पता कि वे लोग कहां गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनके मोबाइल नंबर के जरिए उनका नाम पता मालूम किया जा रहा है।