फिरोजाबाद के टूंडला में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद एक विक्षिप्त व्यक्ति को पीटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। साथ ही अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
शनिवार को सुभाष चौराहा पर बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने एक विक्षिप्त व्यक्ति को पीट दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उस व्यक्ति को भीड़ से बचाया। घटना के वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने कुछ युवकों को चिन्हित किया।
पुलिस ने देर रात दबिश देकर रवि निवासी छितरई थाना पचोखरा, शीलेंद्र निवासी मोहम्मदाबाद, कालू यादव निवासी मोहम्मदाबाद और बौबी उर्फ बृज निवासी सरस्वती नगर थाना टूंडला को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें रविवार को जेल भेज दिया गया।