चर्च रोड स्थित कपड़ा शोरूम में शनिवार रात चोरों ने सेंध लगा दी। चोर तकरीबन चार लाख का सामान ले गए। शोरूम में दस सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन रात में सभी बंद थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
शाहगंज निवासी कमल पंजवानी का चर्च रोड पर दो मंजिला शोरूम है। भूतल पर साड़ियां, प्रथम तल पर सूट और जींस रखी थीं। द्वितीय तल पर टेलर रूम है। शनिवार रात को चोर दूसरी मंजिल की बालकनी पर आए। इसके बाद टेलर रूम के पास बने बाथरूम का एग्जास्ट फैन तोड़ दिया। यहीं से अंदर प्रवेश किया। चोर तकरीबन एक लाख की साड़ियां, 80 हजार के लहंगे, एक लाख की जींस, 50 हजार के सूट और 20 हजार रुपये सहित चार लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। सुबह 11 बजे कमल आए तो इसकी जानकारी हो सकी। फील्ड यूनिट की टीम ने जांच की। कमल ने बताया कि शोरूम के बगल में निर्माणाधीन बिल्डिंग से चोरों ने शोरूम में प्रवेश किया।
आए दिन वारदात
चर्च रोड पर दो दिन पहले ही महिला का मोबाइल लूट लिया गया था। इसके अलावा कमल के कर्मचारी की बाइक भी चोरी कर ली गई थी। क्षेत्र में आए दिन वारदात हो रही हैं।