हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष की गिरफ्तारी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी में हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष के साथ पुलिस कस्टडी में मारपीट करने के मामले में एसपी ने इंस्पेक्टर, एसएसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। नगर अध्यक्ष को पेशी के दौरान छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला कर हाथापाई भी की गई थी।
बता दें कि मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र में जाहरवीर बाबा की शोभायात्रा के दौरान हिंदू युवा वाहिनी के कुरावली नगर अध्यक्ष ब्रजेश जादौन और साथी रंजीत सैनी का वहां ड्यूटी पर तैनात सिपाही लखविंदर और नितिन से विवाद हो गया था। इस दौरान उनके बीच मारपीट भी हुई थी।
मामले में देर शाम सिपाहियों की तहरीर पर पुलिस ने ब्रजेश और रंजीत सैनी के विरुद्ध पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने ब्रजेश को बाइक से घर जाते समय गिरफ्तार कर लिया था।
साथ ही आरोप है कि उनके बच्चे को भी फेंका गया था। थाने में हंगामा होने के बाद पुलिस आरोपी को बिछवां थाने ले गई थी। वहां भी हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने गिरफ्तारी व मारपीट को लेकर हंगामा किया था।