गांव चंदौरा में पांच बीघा जमीन के विवाद में गुरुवार सुबह चचेरे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कई राउंड फायरिंग की।
गोली लगने से एक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। उन्हें अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। मृतक पक्ष के लोगों ने 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चंदौरा निवासी निनुआराम के बेटे किशोरी लाल और कालीचरन पक्ष के बीच 20 साल से पांच बीघा जमीन का विवाद चला आ रहा था। दो साल पहले कोर्ट ने किशोरीलाल के बेटों के पक्ष में फैसला सुनाया। एक साल पहले तहसील की टीम ने उन्हें कब्जा दिलाया।
किशोरीलाल की मौत हो चुकी है। उनके बेटे छकौड़ीलाल, उदयभान, ताराचंद, रज्जो, डूंगर सिंह खेत में फसल उगा रहे हैं। गुरुवार सुबह कालीचरन के बेटे दिमान सिंह, वीरी और भगवान सिंह अपने साथियों के साथ लाठी, डंडे और हथियार लेकर तीन ट्रैक्टरों में भरकर पहुंचे। सभी ने खेत में खड़ी आलू की फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया।
जानकारी पर रज्जो पहुंचा। विरोध पर उस पर हमला बोल दिया गया। उसके हाथ में गोली मार दी। मौके पर रज्जो की पत्नी मंजू, छकौड़ीलाल और उसका बेटा थान सिंह, ताराचंद, डूंगर सिंह पहुंचे तो दिमान सिंह पक्ष के लोगों ने उन पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से डूंगर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
मंजू के पैर और थान सिंह के पेट मेें गोली लगी। फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर सर्किल के थानों की फोर्स पहुंची। एसपीआरए केपी यादव, उपजिलाधिकारी फतेहाबाद पीडी गुप्ता, सीओ फतेहाबाद सौमेंद्र वर्मा भी पहुंचे। आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और 12 से अधिक खोखे बरामद किए। गुस्साए परिवारीजन शव नहीं उठने दे रहे थे। उनकी पुलिस से नोंकझोंक हुई। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं शव उठाया जा सका।
गांव में तनाव है। पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक डूंगर सिंह के भाई ताराचंद ने डबलपुरी, ब्रह्मपुरी, सुभाष, रामवरन, चंदन, भगवान सिंह, दिमान सिंह, राम ग्यान, भगवती सहित दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
घायल खुद पहुंचा थाना
रज्जो ने बताया कि चचेरे भाई और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया था। वह किसी तरह जान बचाकर खेत से भागा। इसके बाद गांव के व्यक्ति के साथ बाइक से थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
आरोपी पक्ष से भी एक घायल
फायरिंग में आरोपी पक्ष का भी एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया।