फरह-मुबारिजपुर रोड पर मंगलवार दोपहर को बाइकर्स गैंग ने फाइनेंस कंपनी के एजेंट से तमंचे के बल पर 1.06 लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया। सूचना पर एसपीआरए बबीता साहू, सीओ अछनेरा विजय सिंह मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है।
फरह की राधा विहार कालोनी में माइक्रोबेव फाइनेंस कंपनी का दफ्तर है। धौलपुर निवासी भजनलाल शर्मा कंपनी में एजेंट हैं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह अछनेरा के गांव सांधन, फतेहपुरा से पैसा उगाही करके बाइक से फरह लौट रहे थे। मुबारिजपुर रोड पर दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने भजनलाल को बुरी तरह पीटा। इसके बाद बैग लूट ले गए। बैग में एक लाख छह हजार छह सौ रुपये और मोबाइल था। बदमाशों के भागने के बाद भजनलाल ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। पुलिस ने नाकाबंदी करके चेकिंग कराई मगर बदमाश हत्थे नहीं चढ़े। बता दें कि इस रोड पर एक सप्ताह में आधा दर्जन लूट की घटनाएं हो चुकी हैं।