पालीवाल पार्क में सोमवार सुबह 9:30 बजे सवारियों से भरे आटो की सामने से आती बाइक से टक्कर हो गई। आटो पार्क की रेलिंग से टकराने के बाद पलट गया। बाइक सवार सहित तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस पर समय पर इलाज न कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस से खींचतान की। शव को आटो में रखकर ले जाने लगे। हंगामे से एमजी रोड पर आधा घंटे तक जाम लगा रहा।
पुलिस ने बताया कि मृतक गिहारा बस्ती, वजीरपुरा निवासी टॉमीराज (60) पुत्र चिंकारा है। सुबह 9:30 बजे वह विजय नगर कालोनी की ओर से आटो में घर आ रहा था। पालीवाल पार्क कट पर आटो की वजीरपुरा की ओर से आते राहुल शर्मा (नौनी, जगनेर रोड) की बाइक से टक्कर हो गई। आटो रेलिंग से टकराकर पलट गया। आटो में चालक सहित चार लोग सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल टॉमीराज, राहुल और एक अन्य को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भर्ती कराया। टॉमीराज के परिवारीजन आ गए।
दोपहर में टॉमीराज की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो मृतक के परिवारीजन पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने पुलिस पर समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया। जबरन शव को आटो में रख लिया। एमजी रोड पर आ गए। उनके पीछे पुलिस पहुंची तो जाम लग गया। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से खींचतान भी की। बमुश्किल शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर थाना हरीपर्वत ने बताया कि आटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। टॉमीराज फेरी लगाकर लोगों के कान साफ करने का काम करता था।
वहीं हादसे में घायल राहुल चित्रा सिनेमा के पास अपनी मौसी के यहां पर रहता है। वह पालीवाल पार्क में अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेलने जा रहा था। उसके चोट आई हैं।