थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक बाप अपनी बेटी पर ही बुरी नजर रखता है। आरोपी एक कालेज का संचालक और बेटी उसकी तीसरी पत्नी की संतान है। इतना ही नहीं जब पत्नी पति की हरकतों का विरोध करने लगी तो उसे घर से निकालने की धमकी दी है। बुधवार को हारकर पीड़ित पत्नी ने बेटी के साथ एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली महिला का आरोप है कि 18 साल पहले उसकी शादी शास्त्रीपुरम निवासी कालेज संचालक से हुई थी। तब उसने बताया था कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। मगर, महिला को बाद में पता चला कि पति की पहले से दो पत्नी और हैं। वह सिकंदरा क्षेत्र में रहती हैं। विरोध करने पर पति ने उसे किराये पर घर दिला दिया। उनकी एक बेटी और एक बेटा पैदा हुआ।
नवंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान पति ने घर खर्च देना बंद कर दिया। बच्चों की फीस भी जमा नहीं की। महिला का कहना है कि पति अब 16 साल की बेटी पर बुरी नजर रखने लगा है। पांच अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ घर आया था। जान से मारने की धमकी देकर उसे खींचकर ले जाने का प्रयास किया। उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर जान से मारने और घर से निकालने की धमकी दी है। पीड़िता ने बुधवार को एसएसपी आफिस में शिकायत कर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।