सलीम हास्पिटल के अल्ट्रासाउंड सेंटर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के बाहर निरस्तीकरण का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। टीम ने यहां से मरीजों के रिकार्ड, रजिस्टर समेत तमाम कागजात जब्त किए हैं।
राजस्थान पुलिस ने बीते गुरुवार को डमी मरीज के सहारे हास्पिटल में चल रहे भ्रूण लिंग जांच के रैकेट को पकड़ा था। अस्पताल संचालक अलीमुद्दीन और उसकी पत्नी शरबती भी इसमें शामिल थी। एजेंट के जरिये मरीजों को यहां लाया जाता। जांच करने के बाद मोटी फीस वसूली जाती। एजेंट को भी तय रकम मिलती। स्वास्थ्य विभाग के पीसीपीएनडीटी एक्ट प्रभारी डा. वीरेंद्र भारती ने बताया कि मशीन सील कर लाइसेंस निरस्त कर दिया है। रिपोर्ट तैयार करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल वेस्ट का मिला ढेर
अल्ट्रासाउंड सेंटर का लाइसेंस निरस्त जरूर कर दिया गया हो, लेकिन हास्पिटल पर कार्रवाई करने की हिम्मत स्वास्थ्य विभाग नहीं जुटा पा रहा। यहां निरीक्षण करने गई टीम को मानक पूरे होते नहीं मिले। खुले में मेडिकल वेस्ट पड़ा था। अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे। ऐसी तमाम खामियों के बाद भी स्वास्थ्य विभाग आंखें बंद किए हुए है।