एटा जिले के थाना मिरहची क्षेत्र के गांव नगला नारायण में खेत की रखवाली कर रहे किसान की शुक्रवार की रात हत्या कर दी गई। किसान का छोटा पुत्र शनिवार की सुबह खेत पर पहुंचा तो शव जमीन पर पड़ा देखकर चीखने लगा। किसान के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान है। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव नगला नारायण निवासी गजाधर सिंह (57) पुत्र नाथूराम की शुक्रवार की रात खेत पर मटर की फसल की रखवाली करते समय हत्या कर दी गई। मृतक के पुत्र सत्यवीर ने बताया कि पिता शुक्रवार की शाम करीब सात बजे रोजाना की तरह खेत में खड़ी मटर की फसल की रखवाली करने के लिए घर से गए थे। शनिवर की सुबह छोटा भाई सनी खेत पर गया तो पिता का शव पड़ा हुआ था।
सनी की चीख-पुकार पर आसपास के किसान और ग्रामीण पहुंच गए। पिता के चेहरे पर और शरीर पर चोटे के घाव बने हुए हैं, इससे साफ जाहिर हो रहा है कि उनकी हत्या की गई है। हत्या करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। सत्यवीर की ओर से किसी से रंजिश होना भी इनकार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।