एत्मादपुर थाने की हवालात में युवक की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद सीओ अखिलेश भदौरिया पर आखिर गाज गिर गई। उन्हें यहां से हटाकर बाह सर्किल का चार्ज दिया गया है। बाह सर्किल में तैनात जगवीर सिंह चौहान को सीओ एत्मादपुर बनाया गया है। इसके अलावा 22 चौकी प्रभारी, छह थाना प्रभारी, निरीक्षक के अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक को भी नई तैनाती दी गई है।
बता दें, 21 अक्तूबर को एत्मादपुर के गांव भागुपुर की ठार निवासी दलित युवक विजयपाल (25) की एत्मादपुर थाने की हवालात मौत हो गई थी। सीओ अखिलेश भदौरिया व इंस्पेक्टर समेत 11 पुलिसकर्मी हत्या के केस में नामजद किए गए थे। बाद में सीओ को छोड़कर नामजद पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिए गए थे। मामले की अभी जांच चल रही है। उनके सीओ एत्मादपुर रहते जांच प्रभावित होने की संभावना थी। माना जा रहा है कि इसीलिए उन्हें हटाया गया है।
उधर, पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह चौहान को प्रभारी निरीक्षक एत्माद्दौला, एसओ एत्माद्दौला स्वतंत्र कुमार को एसएसआई रकाबगंज, एसआई हरीशंकर चंद्र को थानाध्यक्ष डौकी, थानाध्यक्ष डौकी एसआई शैलेंद्र सिंह को पुलिस लाइन, रुनकता चौकी प्रभारी एसआई लोकेंद्र सिंह को थानाध्यक्ष फतेहपुर सीकरी, थानाध्यक्ष निबोहरा एसआई श्याम सिंह पीलवान को थानाध्यक्ष अछनेरा, प्रभारी निरीक्षक अछेनरा नरेश चंद्र शर्मा को पुलिस लाइन, पीपल मंडी चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार को थानाध्यक्ष निबोहरा, पुलिस लाइन से एसआई अवधेश कुमार त्रिपाठी को थानाध्यक्ष बरहन, थानाध्यक्ष बरहन सुभाष चंद्र पांडेय को एसएसआई थाना एत्माद्दौला और एसआई दिनेश कुमार सिसौदिया को पुलिस लाइन से चौकी प्रभारी रुनकता बनाया गया।