एटा में सिंचाई विभाग के जेई की हत्या में गर्लफ्रेंड के पहले बॉयफ्रेंड की करतूत लग रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती सत्यम से मिलने से पहले एक और युवक के संपर्क में थी। सत्यम से दोस्ती के बाद उसने उस युवक से मिलना कम कर दिया। पुलिस ने फिलहाल पुष्टि तो नहीं की लेकिन वह घटना के खुलासे के काफी नजदीक है।
बता दें कि एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में सिंचाई विभाग की मंदाकिनीपुरम कॉलोनी में जेई सत्यम मिश्रा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को घटना के बाद से ही प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो युवती के पहले बॉयफ्रेंड ने युवती से प्रेम में बाधक बनने पर जेई की निर्मम तरीके से हत्या की है।
बताया जा रहा है कि युवती जेई के संपर्क में आने से पहले एक और युवक के संपर्क में रही थी। वह युवक उसका रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। दिल्ली और एटा में रहने के दौरान युवक-युवती की आपस में बातचीत होती थी। पुलिस का दावा है कि विगत आठ माह से युवती का उस युवक से संपर्क कम हो गया।