विधानसभा चुनाव का शंखनाद होते ही पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ का अभियान तेज कर दिया है। जनपद के सौ इनामी अपराधी पुलिस के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इनके चुनाव में हिंसा फैलाने की आशंका जताई जा रही है। कई दूसरे राज्यों के अपराधी हैं।
जनपद आगरा में 100 अपराधी ऐसे हैं जिन पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। तमाम प्रयास के बाद भी इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। चुनाव आते ही पुलिस ने उनकी धरपकड़ तेज कर दी है। इसके लिए उनके छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उनके रिश्तेदार और घरों पर भी पुलिस टीम को भेजा जा रहा है। मगर, अब तक वह हाथ नहीं आ सके हैं। 21 अपराधी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। उनकी भी गिरफ्तारी के लिए टीम को भेजा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चुनाव से पहले अपराधी हिंसा फैला सकते है।
चार मफरूर घोषित
पिनाहट के चार अपराधी मफरूर घोषित हुए हैं। इनमें लुहारी, फीरोजाबाद निवासी नरेंद्र, भरतपुर के थाना कोतवाली निवासी गोविंद, सुनील और प्रीतम हैं। उनके खिलाफ थाना पिनाहट में मुकदमे दर्ज हैं।
15 अपराधी किए गए जिला बदर
पुलिस ने सितंबर से लेकर दिसंबर तक 459 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। इनमें 15 अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है।