दिवाली से पहले चोरों ने टेढ़ी बगिया में पुलिस पिकेट के पास आठ दुकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह घटना का पता चलने पर दुकानदारों ने हंगामा किया। सूचना पर पुलिस आ गई। हालांकि पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए।
टेढ़ी बगिया में मन:कामेश्वर मार्केट है। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट से चंद कदम की दूरी पर पुलिस पिकेट भी रहती है। गुरुवार रात में चोरों ने मार्केट में लगे लोहे के जाल का ताला तोड़ दिया। इसके बाद मार्केट में प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने आठ दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की। इनमेें निशा ब्यूटी पार्लर से 60 हजार, नीलेश की कपड़े की दुकान से 2700 रुपये, पीके कास्मेटिक से सात हजार रुपये, रूबी कलेक्शन से 1500 रुपये, पंकज की कास्मेटिक की दुकान से 12500 रुपये, राजेंद्र की दुकान से आठ हजार रुपये, अंकित की दुकान से नौ हजार रुपये ले गए। वहीं एक मोबाइल शाप के भी ताले तोड़े। मगर, दुकान में कैश नहीं था।
शुक्रवार सुबह आठ बजे चौकीदार के आने पर घटना की जानकारी हो सकी। घटना का पता चलने पर दुकानदार पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि रात में मार्केट के पास पुलिस पिकेट रहती है। इसके बावजूद चोरी की वारदात पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़ा करने के लिए काफी है। पहले भी कई दुकानों में चोरी हो चुकी है। दुकानदारों ने पुलिस की लापरवाही पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।