गोंडा की रुकइया की कहानी आगरा की शहनाज के साथ दोहरा दी गई है। जैसे सोमवार को रुकइया के शौहर बबलू ने फैमिली कोर्ट में एक ही बार में तीन बार तलाक बोलकर उससे नाता तोड़ लिया था, वैसा ही जुल्म ओ सितम शहनाज के साथ उसके शौहर बबलू ने किया है। बबलू ने भी सोमवार की दोपहर को ही फैमिली कोर्ट में शहनाज के सामने एक ही सांस में तलाक-तलाक-तलाक बोल दिया। इसके बाद कहा कि आज से तेरा-मेरा कोई रिश्ता नहीं रहा।
यह सुनकर शहनाज सन्न रह गई। उसकी आंखों में आंसू आ गए। उसने अपनी सास मुन्नी के पैर पकड़ लिए। बोली, मुझ पर इतना जुल्म न करो। इस पर मुन्नी ने शर्त रखी कि अगर वह फैमिली कोर्ट में किया केस वापस ले ले, तो उसका हलाला करा दिया जाएगा। शहनाज हलाला नहीं करना चाहती है। उसने मंगलवार को एसएसपी से इस मामले की शिकायत की। शहनाज का मायका मलपुरा के धनौली में है। खेरागढ़ के आढ़ती बबलू से उसका निकाह 20 अप्रैल 2013 को हुआ था। शहनाज ने बताया कि उसने फैमिली कोर्ट में शौहर बबलू, सास मुन्नी, ससुर लियाकत उर्फ पप्पू, जेठ शहजाद, ननद अफसाना उर्फ लालो के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में घरेलू हिंसा का केस कर रखा है।
इसमें सोमवार को तारीख थी। वह अपने भाई उस्मान और कुर्बान के साथ पहुंची थी। कोर्ट में पेशी के बाद उसका शौहर जैसे ही बाहर निकलने के लिए चला, वैसे ही उसने उससे कहा कि शहनाज सुनो, तलाक-तलाक-तलाक। इसके बाद रिश्ता तोड़ने की बात कहकर वह चला गया। शहनाज का कहना है कि वह शौहर समेत उसका उत्पीड़न करने वाले तमाम ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। अगर पुलिस ने नहीं सुनी तो सीएम से मिलने लखनऊ जाएगी। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उधर, बबलू इस बारे में कुछ भी बात करने के लिए तैयार नहीं है।