फिरोजाबाद जिले के गांव नगला गेहूं में केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण की किस्त जमा न करने पर भाइयों के बीच चल रहा विवाद सोमवार को तूल पकड़ गया। बडे़ भाई ने छोटे भाई की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र ने अपने ताऊ (मृतक का बड़ा भाई) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना जसराना के गांव नगला गेहूं निवासी धर्मेंद्र (45 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह का बडे़ भाई श्रीचंद से केसीसी ऋण की किस्त बैंक में न भरने को लेकर रविवार शाम को विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत करा दिया। सोमवार की सुबह सात बजे धर्मेंद्र अपने नलकूप पर गया था।
आरोप है कि पीछे से श्रीचंद भी पहुंच गया। जहां दोनों के बीच उक्त मामले को लेकर दोबारा विवाद हो गया। इसके बाद श्रीचंद ने धर्मेंद्र पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसके चीखने की आवाज सुनकर पास में स्थित चारागाह की जमीन पर क्रिकेट खेल रहे बच्चे नलकूप की ओर दौड़े। जिन्हें देख आरोपी श्रीचंद मौके से भाग निकला।