शहर के एक जूता कारोबारी साइबर क्रिमिनल का शिकार बन गए। शातिर ठगों ने उनके खाते से 48 हजार रुपये की आनलाइन शॉपिंग कर ली। कारोबारी ने बैंक में शिकायत की तो बैंक अधिकारियों ने उन्हें पुलिस के पास जाने की सलाह दी। गुरुवार दोपहर को उन्होंने थाना हरीपर्वत पुलिस से मामले की शिकायत की।
प्रोफेसर कालोनी (हरीपर्वत) निवासी अमन कपूर की सिकंदरा के सूरजभान की बगीची स्थित कैप्सन वर्ल्ड वाइड शू फैक्ट्री है। उनका खाता कोटक महिंद्रा बैंक की हरीपर्वत शाखा में है। एक सप्ताह पहले अमन बाहर गए थे।
15 अक्तूबर की रात को उनके मोबाइल पर आनलाइन शापिंग करने का एक मैसेज आया। इसके बाद 18 मैसेज और आए। तब उन्होंने एटीएम कार्ड ब्लॉक करा दिया। दो दिन पहले वह लौटकर आए।
उन्होंने बैंक से जानकारी की तो पता चला कि उनके खाते से 48,102 रुपये की आनलाइन शॉपिंग की गई है। उन्होंने बैंक अफसरों को बताया कि एटीएम कार्ड उनके पास है। इसके बावजूद शापिंग कैसे कर ली गई। उन्होंने किसी को कार्ड का नंबर भी नहीं बताया है।
इस वेबसाइट पर कर सकते हैं शिकायत
पुलिस के मुताबिक, बैंक से संबंधित शिकायतों के लिए आरबीआई की ओर से एक वेबसाइट BANKOMBUDDSMAN है। इस पर साइबर क्राइम से संबंधित मामलों की भी शिकायत की जा सकती है। इसमें खाते से संबंधित जानकारी देनी होती है। इसके बाद जांच संबंधित विभाग से कराई जाती है। मामला सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया जाता है।