शाहगंज थाने के पास रविवार रात को लक्ष्मी नारायण गोविंद प्रसाद ज्वेलर के कर्मचारी नरेंद्र कश्यप उर्फ रिंकू से गोली मारकर 45 लाख के जेवरात और सात लाख कैश से भरा बैग लूटे जाने की वारदात में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के तुरंत बाद बदमाशों के पकड़े जाने की थोड़ी सी संभावना थी, क्योंकि बैग में सराफ गोविंद प्रसाद का मोबाइल फोन था। इसे तुरंत ही सर्विलांस पर लगा लिया गया। लेकिन यह कई घंटे ऑन रहने के बावजूद पुलिस तेजी से सटीक लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाई। इसके बाद बदमाशों ने फोन स्विच आफ कर दिया।
एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने लूटकांड के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। एक टीम बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उम्मीद है कि बदमाशों के चेहरे किसी कैमरे में कैद हुए हैं। दूसरी टीम सराफा कारोबारियों से लूटपाट करने वाले गिरोहों पर काम कर रही है।
जेल में बंद ऐसे बदमाशों और फरार चल रहे उनके साथियों के बारे में पड़ताल की जा रही है। थाना पुलिस और एसओजी भी लगी है। एसएसपी ने व्यापारी नेताओं से कहा है कि दो दिन के भीतर कोई न कोई सुराग मिलने की उम्मीद है।
एफआईआर : 500 ग्राम सोना, एक लाख कैश
सराफ गोविंद प्रसाद गुप्ता ने लूट के तुरंत बाद बताया था कि बदमाश जो थैला ले गए हैं, उसमें 45 लाख के सोने के जेवरात और सात लाख कैश था। लूट 52 लाख की बताई गई थी। लेकिन उनकी ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में बैग में 500 ग्राम सोना, एक लाख कैश और एक मोबाइल फोन बताया गया है। पुलिस इससे थोड़ी राहत महसूस कर रही है।
छह घंटे चला रिंकू का आपरेशन
घायल नरेंद्र कश्यप उर्फ रिंकू का सोमवार को दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक आपरेशन चला। इसमें डाक्टरों ने उसके सिर में फंसी गोली निकाल दी। रिंकू के परिवारीजनों ने बताया कि डाक्टरों ने अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताते हुए मंगलवार सुबह तक होश आने की उम्मीद जताई है।
50 साल बा हुई शाहगंज में बड़ी लूट
शाहगंज के व्यापारी नेता संजय अग्रवाल ने बताया कि बाजार में 50 साल पहले उनके पिता जवाहर लाल अग्रवाल को दुकान में चाकुओं से गोदकर उनसे ज्वेलरी और कैश से भरा थैला लूटा गया था। बाद में उनकी मृत्यु हो गई थी। किसी सराफ के साथ अब इस तरह की घटना हुई है। यहां इतनी भीड़ रहती है कि पैदल चलना तक मुश्किल होता है।
अब बाजार में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
इतनी बड़ी वारदात के बाद सकते में आए व्यापारी अपनी सुरक्षा खुद ही करने में जुट गए हैं। पूरे शाहगंज मार्केट में कैमरे लगाए जाने पर जोर दिया गया है। इसकी शुरुआत अगले सप्ताह रूई की मंडी से होने जा रही है। पहले 10 सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके बाद सभी प्रमुख जगहों को कैमरों से कवर किया जाएगा। सराफ अपने शोरूम के बाहर की ओर भी कैमरे लगाने की तैयारी कर रहे हैं।