फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शमसाबाद में सांप्रदायिक टकराव

Fri, 25 Dec 2015 02:53 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, शमसाबाद।
विज्ञापन
विज्ञापन
शमसाबाद कस्बा में गुरुवार दोपहर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। बात इतनी सी थी कि एक किशोर को दूसरे समुदाय के युवक ने मोबाइल पर बात करने से मना किया था। इसी पर पहले उनके परिवारों में मारपीट हुई। फिर दोनों तरफ से बोतलें और पत्थर फेंके गए। इसमें छह लोग घायल हो गए। दहशत और तनाव के चलते बाजार बंद हो गए। दोनों ओर से केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

बवाल मोहल्ला गोपालपुरा में दोपहर एक बजे शुरू हुआ। बलवीर का बेटा राजा (15) अपने घर के सामने शब्बीर के मकान के चबूतरे पर बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था। शब्बीर के बटे काले (32) ने उसे मना किया। इसी पर दोनों में कहासुनी हो गई।
राजा का कहना है कि काले ने उसकी पिटाई की। उसे पिटता देख उसके परिवार की महिलाएं आ गईं। उधर, काले ने फोन कर अपने साथी बुला लिए। उन्हें आता देख राजा के पक्ष से भी काफी लोग आ गए। दोनों के परिवारों के बीच मारपीट हुई।
विज्ञापन

चश्मदीदों ने बताया कि इसके बाद दोनों ओर से पहले छतों से बोतलें फेंकी गईं। इसमें बलवीर घायल हो गया। इसके बाद आमने-सामने पथराव हुआ। इसमें गुड्डी देवी, राजा, सुशील, दीपक, धर्मेंद्र घायल हो गए। दहशत से बाजार बंद हो गए। उधर, पथराव के बाद पहुंची पुलिस को देख बलवाई भाग गए।  पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। बाद में एसपीआरए अखिलेश नारायण सिंह, एसडीएम जेपी सिंह पुलिस और पीएसी के साथ पहुंचे। पुलिस ने बलवीर पक्ष से नवीन और शब्बीर पक्ष से काले को गिरफ्तार किया है। तनाव के मद्देनजर एसपीआरए कैंप किए हुए हैं।
रात में शुरू हुए समझौते के प्रयास
शमसाबाद। दिन में हुए बवाल के बाद रात को दोनों पक्षों के लोग थाना पर पहुंच गए। घायल भी मरहम पट्टी कराकर वहीं आ गए। दोनों तरफ के प्रमुख लोगों ने समझौता करने पर जोर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना पुलिस भी इस मामले में समझौता कराना चाहती है। गौरतलब है कि सितंबर में हुए बवाल के बाद भी आखिर में पुलिस ने समझौता कराया था।
आधा किलोमीटर की दूरी पुलिस ने पौन घंटे में की पूरी
शमसाबाद में एक बार फिर पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई
शमसाबाद। जिस गोपालपुरा मोहल्ला मेें बवाल हुआ, वहां से थाना बमुश्किल 500 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद पुलिस को पहुंचने में 45 मिनट लग गए। यही वजह रही कि दोनों पक्षों के बवाली बेखौफ पथराव करते रहे। यह ढिलाई तब दिखाई गई है जबकि ईद मिलाद-उन-नबी के चलते पुलिस को पहले से चौकन्ना रहने के लिए कहा गया था।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों में झगड़ा होते ही थाना फोन किया गया था। वहां बताया गया कि पुलिस फोर्स ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस में गया है, पहुंचने में थोड़ी देर लगेगी।
उधर, इस बीच बलवाई पथराव करने लगे, छतों से बोतलें फेंकने लगे। चश्मदीदों की मानें तो करीब 45 मिनट बवाल चला। पुलिस तब पहुंची जब पथराव करने वाले जा चुके थे। सिर्फ दोनों परिवारों के लोग रह गए थे। वे आपस में उलझ रहे थे। इसके अलावा आस पास के लोग थे, जो बवाल के दौरान तमाशबीन रहे।
डीआईजी का कहना है कि अगर पुलिस देरी से पहुंची है, तो जांच कराई जाएगी। उधर, थाना पुलिस का कहना है कि सूचना में देरी के चलते मौके पर पहुंचने में देरी हुई है। गौरतलब है कि शमसाबाद में जब सितंबर में बवाल हुआ था, जब भी पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। इसमें पुलिसवाले सस्पेंड भी किए गए थे।
बलवीर पक्ष ने 85 पर दर्ज कराया केस
देर शाम बलवीर और सुरेश की ओर से दर्ज कराई गई बलवे की रिपोर्ट में इमरान, शकील, जाकिर, वसीम, फुरकान, हैदर, महराज, जमालू, टीकू ,पप्पू, यूनिस, वाहिद, सद्दाम, पोदी, नीजम, साबिर, सइयो, सद्दीक, जहीद, बादशाह, पप्पूू, चूहा, बबलू, युनुस के बेटे नामजद एवं 50-60 अज्ञात हैं। कुल मिलाकर 85 आरोपी हैं। पुलिस ने बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
काले की तहरीर में 31 आरोपी
शब्बीर के बेटे काले की ओर से दर्ज कराए गए केस में राजा, बलवीर, सुशील, धर्मेंद्र, अवधेश और नवीन नामजद और 20-25 अज्ञात हैं। कुल 31 आरोपी हैं।
कड़ी कार्रवाई करेगी पुलिस :डीआईजी
आगरा। डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि शमसाबाद में दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। हालात एकदम सामान्य हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सितंबर के फसाद से भी नहीं लिया सबक
शमसाबाद में सितंबर में भी सांप्रदायिक बवाल हुआ था, जिसके चलते पांच दिनों तक बाजार बंद रहे थे। तब आकाश गुप्ता नाम के युवक ने फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट कर दी थी। इससे सांप्रदायिक तनाव फैला था। कई धर्मस्थल भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।
विज्ञापन

टाइम लाइन
- दोपहर 12:45 बजे : दोनों पक्षों में कहासुनी
- 01:00बजे : पथराव और बोतल फिंकाई शुरू
- 1:45 बजे : थाना पुलिस मौके पर पहुंची
- 2:10 बजे : सीओ और एसडीएम पहुंचे
- 2:50 बजे : एसपी ग्रामीण पहुंच गए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें