प्लास्टिक कार्ड से रुकेगी राशन की चोरी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खाद्यान्न चोरी रोकने के लिए प्रधानमंत्री डिजिटल कंट्रोल करने जा रहे हैं। जल्द लोगों को सस्ता राशन प्लास्टिक कार्ड (स्मार्ट राशन कार्ड) पर मिलेगा। इस स्मार्ट राशन कार्ड में चिप लगी होगी, जिसमें कार्डधारक का नाम, सदस्यों के नाम, तय राशन, पता, आधार कार्ड संख्या समेत तमाम जानकारी होंगी। इसके लिए खास तौर से पीओएस ( सिस्टम प्वाइंट आफ सेल) डिवाइस तैयार की जा रही है। इसके स्वाइप करने के लिए टैबलेट के आकार की मशीन होगी। जैसे ही मशीन में कार्ड स्वाइप किया, इसकी पूरी जानकारी आनलाइन हो जाएगी। कोटेदार के खाते से तय राशन कम हो जाएगा। इसकी पूरी मानीटरिंग के लिए लखनऊ में स्पेशल सेंटर बनेगा, जहां प्रदेश भर के डीलरों का रिकार्ड रहेगा। डीएसओ बीके शुक्ला ने बताया कि क्रांतिकारी कदम है, अब स्मार्ट राशन कार्ड की योजना से कोटेदार गड़बड़ी नहीं कर सकेंगे। कंप्यूटर पर सभी का विवरण आसानी से देखा जा सकेगा।
स्मार्ट राशन कार्ड मिलने में हो सकती है देरी
उपभोक्ताओं को नए स्मार्ट राशन कार्ड के लिए इंतजार करना होगा। पूरे प्रदेश में ये योजना लागू होगी। ऐसे में कार्ड बनवाने में देरी स्वाभाविक है। आगरा की बात करें तो यहां 7.30 लाख कार्डधारक हैं। नए राशन कार्ड न आने तक पुरानी व्यवस्था से ही राशन मिलेगा।