दिल्ली के त्रिवेणी नगर से शनिवार रात कुलदीप पाल की स्विफ्ट कार चुराकर आगरा के एमजी रोड पर स्थित ओपी ज्वेलर्स शोरूम में शापिंग करने पहुंचे तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। कुलदीप ने कार में लगे जीपीएस से इनकी लोकेशन ट्रेस की। अगर, हरीपर्वत थाना पुलिस थोड़ी सी चूक न करती तो चोर शोरूम में ही पकड़ लिए जाते। हालांकि वे कार छोड़कर भाग निकले।
कार चोरी होते ही कुलदीप लोकेशन ट्रेस करने में लगे थे। रविवार दोपहर 11:30 बजे लोकेशन आगरा के दयालबाग की आई। दो घंटे बाद चोर पहुंच गए एमजी रोड पर ओपी ज्वेलर्स शोरूम में। इससे पहले पास में जींस और टीशर्ट खरीदी। कुलदीप ने फोन से इसकी सूचना अपने आगरा के साकेत कालोनी निवासी दोस्त जितेंद्र तोमर को दी। वे हरिपर्वत थाना से चीता मोबाइल लेकर शोरूम की ओर चले।
लेकिन पुलिस ओपी ज्वेलर्स नाम के दूसरे शोरूम पर पहुंच गई। कुलदीप सही जगह पर पहुंचे। उस समय चोर जा रहे थे। उन्होंने शोरूम के गेट पर उनसे कार के बारे में पूछताछ की तो तीनों भाग निकले। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। कार की नंबर प्लेट बदली हुई थी। पुलिस ने इसे कब्जे में ले लिया। उधर, शापिंग करते चोर शोरूम के कैमरों में कैद हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि इनका ताल्लुक दयालबाग में किसी से हो सकता है।