पॉश कालोनी कमला नगर में शनिवार शाम को दुकान से घर लौट रहे कारोबारी नितिन अग्रवाल (26) को बदमाशों ने गोली मार दी। लहूलुहान हालत में कारोबारी ने कोठी में घुस कर जान बचाई। बदमाश भाग गए लेकिन कुछ पलों के बाद फिर लौटे और दो राउंड फायरिंग की। इससे कालोनी में दहशत फैल गई। गंभीर हालत में घायल को दिल्ली गेट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नूरी दरवाजा निवासी नितिन अग्रवाल की कमला नगर के श्रीराम चौक में आराध्य मोबाइल कम्युनिकेशन के नाम से दुकान है। उनके साथ ताऊ के बेटे हृदेश भी बैठते हैं। नितिन शाम साढ़े सात बजे हृदेश को दुकान पर छोड़कर एक्टिवा से घर जाने के लिए निकले थे। कमला नगर के सी ब्लाक में कोठी नंबर 32 के सामने पहुंचते ही सामने से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी और भाग गए। गोली लगने के बाद कारोबारी एक्टिवा छोड़कर कोठी में घुस गए। चीखपुकार पर कोठी और आसपास केलोग आ गए। इसके दो मिनट बाद ही बदमाश फिर से लौटे। उन्होंने नितिन को लोगों से घिरे देखा तो हवाई फायरिंग कर दी और भाग निकले। सूचना पर सीओ हरीपर्वत एके सिंह भी पहुुंच गए। मौके पर आए घरवालों ने किसी तरह की रंजिश से इनकार किया है।
सीसीटीवी कैमरे में मिले फुटेज
कोठी में लगे सीसीटीवी में बदमाशों के फुटेज मिल गए हैं। सीओ ने बताया कि घटना के पीछे रंजिश लग रही है। बदमाशों ने पहले गोली चलाई और इसके बाद लूट का प्रयास नहीं किया। दोबारा लौटकर आए, लेकिन लोगों को देख भाग निकले। इससे प्रतीत होता है कि बदमाशों का मकसद कारोबारी की हत्या करना था।