ग्रोवर दंपति हत्याकांड से व्यापारी पहले से गुस्से में हैं। सराफ धन्नू जैन को गोली मारे जाने से उनका पारा और चढ़ गया है। इससे पहले भी व्यापारी बदमाशों के निशाने पर रहे हैं। सराफ गोविंद प्रसाद गुप्ता के कर्मचारी रिंकू की हत्या कर कैश और जेवरात लूटे जाने की घटना अभी तक नहीं खुली है।
पुलिस की इन नाकामियों के खिलाफ अब आगरा बंद की तैयारी शुरू हो गई है। व्यापारी नेताओं ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। धन्नू जैन को गोली मारे जाने का पता चलते ही हॉस्पिटल पहुंचे व्यापारी नेताओं का कहना था कि शहर के हालात लगातार खराब हो रहे हैं। सराफ कारोबारी तो शहर छोड़कर राजस्थान और मध्य प्रदेश में बसने की सोच रहे हैं। व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही महत्वपूर्ण निर्णय होगा।
आगरा बंद भी किया जा सकता है। देवेंद्र दानोरिया ने बताया कि अब पानी सिर से गुजर चुका है। पुलिस ध्यान नहीं दे रही। अब बर्दाश्त नहीं होता है। आंदोलन के सिवाय कोई चारा नहीं है।
मोहन लाल ने बताया कि व्यापारी बाजार बंद की तैयारी खुद ही कर रहे हैं। मुकेश जौहरी का कहना था कि यह सनसनीखेज वारदात है।पूरे शहर में दहशत है। ऐसे कब तक चलेगा? एक घटना का खुलासा होता नहीं कि दूसरी हो जाती है।
दो ने किया इशारा, फिर हुआ हमला
गोली मारने वालों से चूक न हो इसके लिए धन्नू जैन की तस्दीक के बाद हमला किया गया। बदमाशों के दो साथी धन्नू के घर के पास ही आइसक्रीम के ठेले के पास खड़े थे। धन्नू की कार देखते ही उन्होंने अपने साथियों को इशारा किया। तब किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन हमले के बाद उनका चेहरा याद आया।
धन्नू के छोटे भाई नेम कुमार जैन ने बताया कि दोनों युवक कार का इंतजार कर रहे थे। उनकी नजरें उसी रास्ते पर थीं, जहां से भाई और हम घर लौटते हैं। जैसे ही हमारी कार नजदीक आई, उन्होंने गौर से देखा और इशारा किया। घर के पर पहुंचते ही बदमाशों ने घेर लिया। इशारा पाकर बदमाश आगे निकल गए थे। फिर वापस आए।
उनके चेहरे तो पहचान में नहीं आए लेकिन इशारा करने वाले 20-20 साल के थे। माना जा रहा है कि ये युवक पहले से ही उनकी रेकी को लगाए गए थे।
आज आईजी दफ्तर पर धरना देंगे कठेरिया
शहर में लगातार बढ़ते अपराध और पुलिस की नाकामी के खिलाफ केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री प्रोफेसर राम शंकर कठेरिया सोमवार को दोपहर दो से आईजी दफ्तर पर धरना देंगे। भाजपा के दोनों विधायक योगेंद्र उपाध्याय, जगन प्रसाद गर्ग और शहर के संगठन के नेता भी साथ होंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में अपराध रिकार्ड तोड़ रहा है। अपराधी बेलगाम हैं, पुलिस कुछ कर नहीं पा रही है। एक के बाद एक सराफ निशाना बनाए जा रहे हैं। सात दिन पहले खंदारी में ग्रोवर दंपति की हत्या कर दी गई। उस केस का अभी खुलासा भी न हुआ था कि एक और बड़ी वारदात हो गई।