अलबतिया में सोमवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार से दौड़ रही बोलेरो की चपेट में आकर सड़क पार रहे सात साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम गाड़ी में फंसकर काफी दूर तक घसीटता गया। उसके परिवारीजनों का आरोप है कि ड्राइवर ईअर फोन लगाए हुए था। उसे पकड़कर पुलिस को सौैंप दिया गया था। इसके बावजूद उसका नाम एफआईआर में नहीं लिखा गया। इससे गुस्साए लोगों ने मंगलवार सुबह दस बजे मारुति स्टेट में सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्हें पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसे में मारा गया मासूम निखिल लक्ष्मीपुरम के विजेंद्र का बेटा था। वह घर के पास ही सड़क पार कर रहा था। तभी बोलेरो की चपेट में आ गया। जब पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचाया गया, तब लोगों ने जाम लगाया। मौके पर पहुंचे सीओ हरीपर्वत ने उन्हें बताया कि एफआईआर में बोलेरो का नंबर लिखा गया है। आरोपी बताए जा रहे मोहित नाम के ड्राइवर को छोड़ा नहीं गया है। वह हिरासत में है। इस पर लोग शांत हो गए। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग भी की।