आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली के कारोबारी के साथ रविवार की रात हुई लूट में बीएसएफ के तीन सिपाही और पास के गांव का एक युवक शामिल पाए गए हैं। इनमें से पुलिस ने एक सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है।
फरार तीनों आरोपियों की तलाश चल रही है। इस खुलासे की रिपोर्ट बीएसएफ मुख्यालय भी भेजी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार सिपाहियों की गिरफ्तारी होने पर और भी कई खुलासे हो सकते हैं।
बता दें कि कारोबारी नवीन आहुजा का मेडिकल उपकरणों का कारोबार है। वह इनोवा कार से दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। उनके साथ दोस्त अंबाला के महेश नगर निवासी जोगेंद्र सिंह, आशीष और सतीश भी थे। डौकी के पास कार पंक्चर हो जाने पर नवीन ने आशीष और सतीश को पहिए में पंक्चर लगवाने के लिए आगरा भेज दिया था।
गाड़ी पर नवीन और जोगेंद्र मौजूद थे। तभी करीब सात बजे दो मोटरसाइकिल पर आए चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नवीन से 12 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, पर्स और जोगेंद्र से एक मोबाइल फोन लूट लिया।